रामपुरा। सकल लखेरा पंच रामपुरा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 15 मार्च 2026 को स्थानीय लखेरा समाज मंदिर परिसर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज की नवीन कार्यकारिणी का विधिवत गठन करना है। गौरतलब है कि पिछली कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त हुए तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए समस्त समाज बंधुओं की सहमति से लोकतांत्रिक तरीके से नई टीम चुनने का निर्णय लिया गया है। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे भगवान की आरती के साथ होगी। इसके पश्चात सुबह 11 बजे पुरानी कार्यकारिणी द्वारा विगत कार्यकाल के आय-व्यय का पूर्ण ब्यौरा (हिसाब-किताब) प्रस्तुत किया जाएगा। सुबह 11बजे नवीन कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। बैठक के समापन के पश्चात समस्त समाजजनों के लिए स्वरुचि भोज का आयोजन रखा गया है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन अधिकारी के रूप में लीलाकृष्ण सोलंकी (रामपुरा) एवं राजेश बागड़ी (जीरन) को नियुक्त किया गया है। सकल लखेरा पंच एवं समस्त रामपुरा लखेरा समाज ने अपील की है कि समाज की उन्नति और संगठन की मजबूती के लिए सभी समाज बंधु अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस गठन प्रक्रिया को सफल बनाएं।