logo

खबर -कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि,विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह

रामपुरा। नगर के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, शौर्य और बलिदान को स्मरण किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए प्रश्नमंच, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नमंच प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष की सुमन माली एवं भूमिका कपूर तथा बीकॉम प्रथम वर्ष की भावना विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बीकॉम प्रथम वर्ष के मूर्तजा भोजावाला, किनाना मेहसरी एवं आकाश बैरागी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।भाषण प्रतियोगिता में भूमिका कपूर ने प्रथम तथा बीकॉम प्रथम वर्ष की नेहा माली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में सुमन माली प्रथम एवं एमएससी प्रथम सेमेस्टर की ज्योति माली द्वितीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मठुआ अहिरवार ने कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व एवं भारतीय सैनिकों के शौर्यगाथा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रोफेसर जाकिर हुसैन बोहरा ने किया। वहीं प्रश्नमंच प्रतियोगिता का संचालन डॉ. महेश चांदना, डॉ. योगेश पंजाबी एवं डॉ. बद्रीलाल भाटी द्वारा किया गया। कारगिल विजय दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति एवं वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Top