रामपुरा। गांधीसागर अभ्यारण्य सामान्य वनमंडल मंदसौर अंतर्गत परिक्षेत्र गांधीसागर पश्चिम में दो दिवसीय ‘अनुभूति’ शिविर का आयोजन 15 एवं 16 जनवरी 2026 को डायली के घटोलघाटी वन क्षेत्र में किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। शिविर के प्रथम दिवस शासकीय माध्यमिक विद्यालय बस्सी एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय चेनपुरिया के 126 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की, जबकि द्वितीय दिवस शासकीय माध्यमिक विद्यालय डायली एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेसला के 133 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अनुभूति मास्टर ट्रेनर राजकमल आर्य (सेवानिवृत्त उपवनक्षेत्रपाल), प्रेमसिंह सोनगरा एवं राहुल दांगी (वनरक्षक) द्वारा अनुभूति वर्ष 2025-26 की थीम “मैं भी बाघ, हम हैं बदलाव, हम हैं धरती के दूत” के अंतर्गत विद्यार्थियों को वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अनुभूति किट (अनुभूति पुस्तिका, कैप एवं पेन) का वितरण भी किया गया। प्रकृति पथ भ्रमण एवं जंगल सचित्र गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न वृक्षों की पहचान, वन्यजीवों के पदचिह्नों की पहचान, जड़-मृदा तंत्र, नदियों का महत्व तथा पक्षी दर्शन के बारे में जानकारी दी गई। मिशन लाइफ के तहत खाद, जल और जंगल संरक्षण के महत्व को सरल व व्यवहारिक तरीकों से समझाया गया। शिविर के दौरान खेल-खेल में बिना सिले कपड़े का थैला बनाने का प्रशिक्षण दिया गया तथा प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही क्विज प्रतियोगिता एवं गीत गायन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। शिविर में अधीक्षक गांधीसागर अमित राठौर, जनप्रतिनिधि के रूप में सूरजकरण गुर्जर (सरपंच, डायली), वन समिति अध्यक्ष, गेम रेंज अधिकारी पराग सेनानी, वनपाल शेख अनीस, दिग्विजय राठौर, दिनेश कुशवाह, बेनेडिक्ट एंथनी सहित समस्त वन विभाग का अमला उपस्थित रहा।